-
Advertisement
बिलासपुर में मासूम के साथ दु#ष्कर्म: उग्र भीड़ ने की तोड़फोड़, नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत में
Himachal News: बिलासपुर जिले में एक 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विशेष समुदाय के एक 15 वर्षीय किशोर ने बच्ची के साथ गलत हरकत की। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। साथ ही आरोपी के घर के दरवाजों और खिड़कियों में तोड़फोड़ की गई। देर रात तक गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। हिंदू संगठनों भारी विरोध और हंगामे के बीच पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू किया
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची की मां घर के पास स्थित गोशाला में काम करने गई थी। इसी दौरान आरोपी बच्ची को अकेला देखकर बहला-फुसलाकर घर के साथ लगते खेतों की ओर ले गया। बच्ची के दादा की नजर उन पर पड़ गई। दादा को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद बच्ची रोती हुई घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। मासूम की आपबीती सुनते ही परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। तोड़फोड़ के बाद तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया।
बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पीड़िता का उसके माता-पिता की मौजूदगी में मेडिकल परीक्षण करवाया। वहीं, हिरासत में लिए गए आरोपी का भी मेडिकल करवाया गया है। आरोपी को अब सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की निष्पक्ष जांच कर रहे हैं और तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सुभाष
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

