-
Advertisement
Robberies | Petrol Pumps | Himachal |
हिमाचल प्रदेश में बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य मार्गों पर देर रात खुले पेट्रोल पंपों पर स्विफ्ट कार में तेल भरवाने आए बदमाशों ने कर्मचारियों से हथियार की नोक पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक ही रात में बद्दी व नालागढ़ के चार पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इसके बाद इन्हीं बदमाशों ने हिमाचल सीमा के साथ लगते पंजाब के कीरतपुर व श्री आनंदपुर साहिब में भी पेट्रोल पंप को निशाना बनाया। बदमाशों की इस वारदात के बाद से पेट्रोल पंप संचालकों में डर का माहौल है। ये घटनाएं पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। बदमाशों ने मानपुरा, भुड्ड बैरियर, किरपालपुर, राजपुरा समेत पंजाब के खुराना मोटर्स पेट्रोल पंप को निशाना बनाया। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली है।

