-
Advertisement
पूर्व सीएम 5 साल सोए रहे और नशा घर-घर पहुंच गया, विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम सुक्खू
Himachal Vidhansabha: हिमाचल विधानसभा के तीसरे दिन बढ़ते नशे के मुद्दे पर सदन में हंगामा हुआ। इस दौरान सीएम सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू विपक्ष पर जमकर बरसे। प्रदेश में बढ़ते नशे को लेकर विपक्ष के आरोपों पर सीएम ने कहा नेता प्रतिपक्ष सदन में सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। नशा 3 साल में घर-घर नहीं पहुंचा, हमारी सरकार तो 3 साल पहले ही सत्ता में आई है। हमारी सरकार ने नशा तस्करों की कमर तोड़ने का काम किया है, कोई संरक्षण नहीं दिया। 11 पुलिस कर्मी व 9 अन्य सरकारी कर्मचारी नौकरी से बर्खास्त किए गए। नशा तस्करों की संपत्तियों को नेस्तनाबूद किया है।
चिट्टे के घर-घर पहुंचने के लिए पूर्व जयराम सरकार दोषी
सीएम ने कहा पूर्व सीएम जयराम ठाकुर 5 साल सोए रहे और नशा घर-घर तक पहुंच गया। पूर्व बीजेपी सरकार ने 5 साल तक PIT-NDPS एक्ट तक लागू नहीं किया। चिट्टे के घर-घर पहुंचने के लिए पूर्व जयराम सरकार दोषी है, पूर्व सरकार ने चिट्टे को घर-घर पहुंचाने में योगदान दिया। बीजेपी चिट्टे को समाप्त करने में सहयोग देने के बजाय राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।
चिट्टे को मिटाने के लिए पुलिस के साथ खड़ी सरकार
सीएम ने कहा कि बीजेपी पुलिस का मनोबल तोड़ने का कामकर रही है, हमारी सरकार चिट्टे को मिटाने के लिए पुलिस के साथ खड़ी है। तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस बधाई की पात्र है। एलएसडी नशे की तस्करी में शामिल एसटीएफ कर्मचारियों को भी पुलिस ने ही पकड़ा है। हमारी सरकार नशे के खिलाफ आज तक का सबसे बड़ा प्रदेश व्यापी अभियान चलाने के लिए पुलिस को बधाई देती है चिट्टे के खिलाफ सरकार का अभियान जारी रहेगा, चाहे कोई बड़े से बड़ा नेता या कोई और कोई क्यों न हो, किसी को छोड़ेंगे नहीं।
कांग्रेस से गए लोग जयराम ठाकुर को जीने नहीं दे रहे
सीएम ने कहा कि बीजेपी चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को राजनीतिक मुद्दा ना बनाए, यह जनहित का मुद्दा है। उन्होंने कहा चिट्टे के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा, मई-जून में मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथान होगी, उसमें नेता प्रतिपक्ष व बीजेपी नेता भी आमंत्रित हैं। जयराम ठाकुर इसलिये परेशान हैं, चूंकि कांग्रेस से गए लोग उन्हें जीने नहीं दे रहे। हम उनकी प्रवृत्ति को जानते हैं, वे उन्हें चैन से नहीं बैठने देंगे।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

