-
Advertisement
हिमाचल की सोशल-मीडिया इंफ्लूएंसर के बयान पर बवाल, फौजियों की पत्नी और गर्लफ्रेंड पर टिप्पणी- FIR दर्ज
Himachal News: जिला सिरमौर की एक इन्फ्लुएंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नौहराधार तहसील के देवा मानल गांव की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर पर भारतीय सेना के जवानों पर टिप्पणी करने का आरोप है। इस वीडियो के वायरल होने पर देशभर से प्रतिक्रिया आने लगी तो इशिता ने अपने फेसबुक पेज से इसे डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक यह वीडियो सैकड़ो बार बार शेयर हो चुका था तथा कई लोगों ने इसे डाउनलोड कर सबूत के तौर पर रख लिया।
भूतपूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ के पदाधिकारियों ने शिकायत दर्ज की
इसके बाद इशिता पुंडीर ने एक अन्य वीडियो बनाकर फौजियों से माफी भी मांगी। गुरुवार को राजगढ़ पुलिस थाना में पहुंचकर भूतपूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ के पदाधिकारियों ने इशिता पुंडीर द्वारा फौजियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही इशिता पुंडीर के अकाउंट की भी जांच की मांग की। उन्हें आशंका है कि देश के फौजियों को बदनाम करने के लिए इशिता पुंडीर ने यह वीडियो किसी आईएसआई एजेंट के कहने पर बनाया हो। उन्होंने पुलिस तथा सरकार से इशिता पुंडीर के बैंक अकाउंट की भी जांच करने की मांग की। आरोप है कि इशिता इससे पहले भी कई विवादित पोस्ट कर चुकी हैं।
टिप्पणी करना निंदनीय
लोगों का कहना है कि जो सैनिक दिन-रात देश की रक्षा में लगे रहते हैं, उनके चरित्र पर इस तरह की टिप्पणी करना निंदनीय है। कई यूज़र्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि एक कंटेंट क्रिएटर को अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए। सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने यहां तक कहा कि ऐसे बयानों से समाज में गलत संदेश जाता है और इससे देश के जवानों की छवि को नुकसान पहुंचता है।
सार्वजनिक रूप से माफी मांगी
विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर ने सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। हालांकि, इसके बावजूद लोगों का गुस्सा कम होता नजर नहीं आ रहा है। कई लोग अब भी कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रत्येक पहलू की जांच कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
संजू चौधरी

