-
Advertisement
ठियोग के सरकारी स्कूल में ढाई साल के मासूम को जड़ा थप्पड़, पिता ने शिक्षा मंत्री से की शिकायत
Himachal News: शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के अंतर्गत चियोग क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पर एक सरकारी स्कूल के टीचर पर ढाई साल के मासूम बच्चे को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के आरोप लगे हैं। पिटाई का कारण सिर्फ इतना था कि बच्चे ने स्कूल में पॉटी (मल त्याग) कर दी थी, जिसे शिक्षिका सहन नहीं कर पाई और उसने बच्चे पर हाथ उठा दिया।
बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने लगाया आरोप
बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि शिक्षक द्वारा की गई यह हरकत ना केवल अमानवीय है, बल्कि कानून का खुला उल्लंघन भी है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद बच्चा काफी सहमा हुआ है और मानसिक रूप से प्रभावित हुआ है। गोपाल ने बताया कि जब उन्होंने बच्चे की पिटाई को लेकर स्कूल प्रिंसिपल से बात की तो उस दौरान संबंधित टीचर ने दुर्व्यवहार किया और कहीं भी शिकायत करने की धमकी दी।
मामले ने पकड़ा तूल
फिलहाल इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ अभिभावकों में भी भारी रोष है। बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने शिक्षा मंत्री से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है ।अभिभावक ने अपनी शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने इस मामले से जुड़े साक्ष्य भी विभाग को सौंपने की बात कही है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

