-
Advertisement
शिमला में बीजेपी की जन आक्रोश महिला पदयात्रा- अधिकारों के लिए खड़ी हो चुकी है नारी
Jan Aakrosh Mahila Padyatra: बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा चौड़ा मैदान, शिमला में आयोजित “जन आक्रोश महिला पदयात्रा” प्रदेश भर से महिलाएं पहुंची और कांग्रेस के खिलाफ अपने आक्रोश को मुखर किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्षा डेज़ी ठाकुर ने की। इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर तथा सह प्रभारी संजय टंडन उपस्थित रहे।
इतिहास में काले दिन के रूप में याद किया जाएगा
बीजेपी प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को पंचायत से संसद तक 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल थी। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने विशेष संसद सत्र बुलाकर महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने का मार्ग प्रशस्त किया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस अवसर को राजनीतिक स्वार्थ के चलते कुचल दिया।
महिला मोर्चा अध्यक्ष डेज़ी ठाकुर ने कहा कि संसद में इस विधेयक का गिरना लोकतंत्र के इतिहास में काले दिन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और जब उन्हें अधिकार देने की बात आई, तो पीछे हट गई।
महिलाओं की बसों को रोका गया, परेशान किया
विधायक रीना कश्यप ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस रैली से घबराकर प्रशासन का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि सोलन और अन्य क्षेत्रों से आ रही महिलाओं की बसों को रोका गया, उन्हें घंटों तक परेशान किया गया और बाईपास के रास्तों पर भेजा गया।उन्होंने कहा कि यह महिलाओं की आवाज को दबाने की सुनियोजित साजिश थी, लेकिन इसके बावजूद महिलाओं की भारी भागीदारी ने सरकार की इस मंशा को विफल कर दिया।
70 करोड़ बहनों के साथ किया विश्वासघात
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को गिराकर देश की 70 करोड़ बहनों के साथ विश्वासघात किया है। “नारी शक्ति अब अपने अधिकारों के लिए खड़ी हो चुकी है—यह रैली उसी जागरूकता और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि 28 लाख महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा किया गया, लेकिन आज तक एक भी महिला को इसका लाभ नहीं मिला।“यह केवल वादा नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ खुला छल है।
आने वाले राजनीतिक परिवर्तन की नींव है रैली
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह जनआक्रोश केवल एक रैली नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक परिवर्तन की नींव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा पूरी तरह उजागर हो चुका है और प्रदेश की महिलाएं इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति अब निर्णायक भूमिका निभाने जा रही है और यह आंदोलन प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल देगा। रैली में उपस्थित महिलाओं, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला अधिकारों के समर्थन में आवाज बुलंद की और यह स्पष्ट संदेश दिया कि अब नारी शक्ति अपने अधिकारों के लिए पीछे हटने वाली नहीं है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

