-
Advertisement
बीयर की कैन मांगी और सेल्समैन की गर्दन पर रखा हथियार, ठेके पर नकाबपोशों ने की लूटपाट
Himachal Crime: हिमाचल प्रदेश में दिन प्रतिदिन अपराध का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऊना के तहत त्यूड़ी गांव में चार अज्ञात नकाबपोश युवकों ने धारदार हथियारों के बल पर एक शराब के ठेके में घुसकर लूटपाट की। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार रात करीब 10:45 बजे जब ठेके पर तैनात सेल्समैन विनोद कुमार अपनी दिनभर की बिक्री का हिसाब-किताब कर रहे थे तो एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी पर सवार होकर चार युवक ठेके के बाहर पहुंचे। सभी ने चेहरों पर रुमाल बांध रखे थे।
गल्ले में रखी करीब 35,000 रुपये की नकदी लूट ली
उन्होंने ग्राहक बनकर सेल्समैन से बीयर की कैन मांगी, जैसे ही विनोद कुमार फ्रिज से बीयर निकालने के लिए पीछे मुड़े, दो युवक तेजी से ठेके के अंदर घुस आए। इनमें से एक युवक के पास धारदार हथियार था, जिसे उसने तुरंत सेल्समैन की गर्दन पर टिका दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। सहमे सेल्समैन को दूसरे युवक ने जबरन कुर्सी पर बिठा दिया, जबकि तीसरे साथी ने गल्ले की तलाशी लेनी शुरू कर दी। लुटेरों ने गल्ले में रखी करीब 35,000 रुपये की नकदी, शराब की 8 कीमती बोतलें और सेल्समैन का मोबाइल फोन लूट लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी अपने वाहनों पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ऊना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सेल्समैन के बयान दर्ज किए। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं, पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि आरोपियों को ट्रेस किया जा सके।
सुनैना जसवाल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

