-
Advertisement
सामान लेने बाहर गया था मालिक पीछे से ढाबे में लग गई आग, हड़कंप मचा
Shimla Fire: राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ढाबे में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना गुरुद्वारे के समीप स्थित एक लकड़ी के मकान में हुई, जिससे आग तेजी से फैलने का खतरा बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।ढाबा मालिक मनु गुप्ता ने बताया कि वे सुबह दुकान खोलने के बाद कुछ सामान लेने बाहर गए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे गैस चालू करके नहीं गए थे, इसलिए आग लगने का कारण गैस लीकेज नहीं माना जा रहा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग भड़की हो सकती है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही
फायर स्टेशन छोटा शिमला के सब फायर ऑफिसर भगत राम ठाकुर के अनुसार, सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग कथित रूप से इमारत के इलेक्ट्रिक पैनल से शुरू हुई, जिससे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
यह मकान पूरी तरह लकड़ी का बना होने के कारण आग फैलने का खतरा अधिक था। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयासों से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। ढाबा मालिक ने सरकार से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे अंदर जाकर नुकसान का आकलन भी नहीं कर पाए हैं।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

