-
Advertisement
सिरमौर के संगड़ाह में हादसा- खाई में गिरी कार,महिला टीचर और बेटी समेत 4 की मौ#त
Himachal Accident: सिरमौर जिला के संगड़ाह में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस भीषण सड़क हादसे में महिला शिक्षक उनकी बेटी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पुलानी-संगड़ाह मार्ग पर हुआ है। घायल वाहन चालक को संगड़ाह में प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
300 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी कार
जानकारी के अनुसार सुबह संगड़ाह की पियूलाणी-भलोना सड़क पर कार ( HP79-2756) हादसे की शिकार हो गई। कार में महिला टीचर, उनकी बेटी समेत क्षेत्र के तीन अन्य लोग सवार थे। कार सड़क से करीब 300 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान अमरा देवी (52), आराध्या (14), प्रियंका (14), सज्जन सिंह (62) के रूप में हुई है। सभी मृतक सिरमौर जिला की संगड़ाह तहसील के रहने वाले थे।
हादसे के कारणों की जांच
हादसे में कार चालक अजीत कुमार निवासी गत्ताधार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सुनील कायथ मौके पर पहुंचे हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि ‘इस संबंध में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएम चार लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस दुर्घटना से संबंधित रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की और दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
एचके पंडित
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

