-
Advertisement
मंडी-मनाली हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैवलर, 5 लोग घायल
Himachal Accident: मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। पनारसा क्षेत्र के समीप मंडी से मनाली की ओर जा रही एक ट्रैवलर (गाड़ी नंबर HP01M3020) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार करीब पांच लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। तीखे मोड़ पर ट्रैवलर के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत पास के नगवाईं अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें सिर पर चोट और हड्डी टूटने के मामले शामिल हैं। फिलहाल सभी का इलाज जारी है।
औट थाना पुलिस की टीम मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद करने के साथ-साथ दुर्घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या चालक का नियंत्रण खोना प्रतीत हो रही है।मामले की विस्तृत जांच के लिए ड्राइवर का मेडिकल टेस्ट करवाया जाएगा।दुर्घटनाग्रस्त वाहन की फिटनेस रिपोर्ट भी जांची जाएगी।
संजीव कुमार

