-
Advertisement
पर्यटन नगरी मनाली शर्मसार: विदेशी महिला पर्यटक से अभद्रता का वीडियो वायरल
Himachal News: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने देवभूमि हिमाचल प्रदेश की शांतिपूर्ण और सुरक्षित छवि पर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी रोष है।
क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक एक विदेशी महिला पर्यटक के आसपास मंडराते और उसके साथ अनुचित व्यवहार करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स राज्य की ‘सुरक्षित पर्यटन स्थल’ वाली छवि का हवाला देते हुए आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का स्पष्ट कहना है कि ऐसी घटनाएं न केवल पर्यटकों में असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं, बल्कि राज्य के पर्यटन उद्योग को भी भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद मनाली पुलिस भी अलर्ट हो गई है।डीएसपी मनाली, केडी शर्मा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है।हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और वायरल दावों की आधिकारिक रूप से पुष्टि होना बाकी है।शिकायत न होने के बावजूद, पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया है कि इस तरह की शर्मनाक हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हुड़दंग का अड्डा बन रही है घाटी?
गौर करने वाली बात यह है कि मनाली और कुल्लू घाटी में पर्यटकों के दुर्व्यवहार का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ दिनों में ऐसे कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें पर्यटकों द्वारा सड़कों पर हुड़दंग और स्टंट करना,यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करना,स्थानीय लोगों या अन्य पर्यटकों के साथ मारपीट करना शामिल है।
तुलसी बाबा

