-
Advertisement
Sukhu Cabinet Expansion | Neeraj Bharti | Himachal Congress |
हिमाचल कांग्रेस में बगावत जैसे माहौल के बीच माना जा रहा है कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी कैबिनेट में विस्तार-फेरबदल कर सकते हैं। ये सब उस वक्त होने के कयास लगाए जा रहे हैं जिस वक्त कृषि मंत्री चंद्र कुमार के पूर्व सीपीएस बेटे नीरज भारती ने सुक्खू सरकार पर पांच ब्रीफकेस वाला बड़ा आरोप जड़ा है। सीएम सुक्खू ने बेंगलुरु से लौटने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली में मंत्रणा की। सीएम सुक्खू ने कांग्रेस संगठन और सरकार के कामकाज सहित विभिन्न महत्वपूर्ण राजनीतिक और विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की। सीएम ने शिमला लौटने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष को प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं चल रहे विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिस वक्त सीएम सुक्खू दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात कर रहे थे ठीक उसी वक्त हिमाचल में सीएम की कार्यशैली पर उन्हीं की सरकार में मंत्री चंद्र कुमार का बेटा सोशल मीडिया पर आग उगल रहा था। भारती ने दावा किया कि हर महीने नोटों के 5 ब्रीफकेस इकट्ठे किए जाते हैं। इनमें से 3 दिल्ली भेजे जाते हैं और 2 खुद रखे जाते हैं। फिलहाल नीरज भारती के इन 5 ब्रीफकेस वाले आरोपों ने हिमाचल कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह को पूरी तरह से सड़क पर ला दिया है।

