-
Advertisement
Volvo Bus | Accident Breaking | Manali |
हिमाचल के मनाली से टूरिस्टों से भरी एक वॉल्वो बस जयपुर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-152 पर बुचावास कट के पास आते ही बस रोड किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में करीब 40 लोग सवार थे। ड्राइवर समेत एक टूरिस्ट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 टूरिस्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार टूरिस्ट का कहना है कि टक्कर लगते ही उन्हें जोर का झटका लगा। अपनी सीट से उछलकर एक लोहे के पाइप में जाकर गिरे। हादसे के समय बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और पुलिसकर्मियों ने खिड़कियों के सहारे टूरिस्टों को बाहर निकाला। हादसा नेशनल हाईवे 152 डी पर हरियाणा के महेंद्रगढ़ में शुक्रवार सुबह बुचावास कट के पास हुआ। बस पीछे से ट्रक में घुस गई। पुलिस आशंका जता रही है कि बस ड्राइवर को झपकी आने से ये हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है ट्रक रोड किनारे खड़ा था। ट्रक में लोहे की एंगल भरी हुई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ये इंगल कई फीट तक बस में घुस गई। ड्राइवर साइड की सीट इस हादसे में पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कई टूरिस्ट पीछे की सीटों से उछलकर आगे आकर गिरे। सभी घायलों का महेंद्रगढ़ से सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

