- Advertisement

TGT TET 2026: नॉन-मेडिकल और हिंदी की परीक्षा 21 को, 87 परीक्षा केंद्र तैयार
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए एक अहम खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला द्वारा टीजीटी (नॉन-मेडिकल) और टीजीटी (हिंदी) विषयों के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) आगामी 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। बोर्ड ने परीक्षा को पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
दो सत्रों में आयोजित होगी परीक्षा
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 जून को यह महत्वपूर्ण परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की जाएगी, सुबह के सत्र में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीजीटी (नॉन-मेडिकल) की परीक्षा होगी। इस परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 49 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें कुल 5,517 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
टीजीटी (हिंदी): दोपहर के सत्र में 02:00 बजे से 04:30 बजे तक हिंदी विषय की टीईटी परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,231 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि दोनों ही परीक्षाओं की अवधि 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है।
वेबसाइट से ऐसे करें एडमिट कार्ड डाउनलोड
परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर प्रदर्शित ‘TET’ लिंक पर जाना होगा और वहां अपना एप्लीकेशन नंबर (Application Number) तथा जन्म तिथि (Date of Birth) दर्ज करनी होगी। इसके तुरंत बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा, जिसका प्रिंट आउट लिया जा सकता है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश और हेल्पलाइन
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से काफी पहले अपने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं ताकि अंतिम समय की भागदौड़ से बचा जा सके।
महत्वपूर्ण: परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ-साथ एक वैध पहचान पत्र (ID Proof) लाना अनिवार्य है। इसके बिना प्रवेश वर्जित रहेगा। यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई तकनीकी परेशानी आती है या परीक्षा से जुड़ी कोई अन्य जानकारी चाहिए, तो वे बोर्ड कार्यालय के आधिकारिक दूरभाष नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

