- Advertisement

जिंदगी की जंग हारे मां और बेटा, बिस्तर पर पड़े बीमार बेटे के दर्द से आहत मां ने उठाया खौफनाक कदम
Himachal News: बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे बेटे की लाचारी और परेशानी से तंग आकर एक बेबस मां ने खौफनाक कदम उठा लिया। सेवानिवृत्त शिक्षिका मां कुमुद शर्मा ने पहले अपने 36 वर्षीय बेटे अक्षांश को जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर खुद भी जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूल रूप से अर्की का रहने वाला था परिवार
यह परिवार मूल रूप से अर्की का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ समय से बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में किराए के मकान में रह रहा था। 36 वर्षीय अक्षांश के पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि बेटा अक्षांश पिछले कई सालों से एक गंभीर बीमारी से पीड़ित था। बीते दो-तीन वर्षों से उसकी हालत इतनी बिगड़ चुकी थी कि वह बिस्तर से उठने और चलने-फिरने में भी पूरी तरह असमर्थ था। आशंका जताई जा रही है कि मां बेटे की इस दर्दनाक स्थिति और लगातार बढ़ रही आर्थिक तंगहाली को सहन नहीं कर पाई और इसी के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया था।
पड़ोसियों को लगी भनक, मच गया हड़कंप
शुक्रवार दोपहर को जब घर के भीतर काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने जब भीतर जाकर देखा, तो दोनों बेसुध पड़े हुए थे। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।बिलासपुर के एसपी संदीप धवल के अनुसार रौड़ा सेक्टर में मां-बेटे द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
सुभाष
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

