- Advertisement

मंडी में गुंडागर्दी: आधी रात को हॉर्न बजाने और गाली-गलौज का विरोध करने पर व्यक्ति पर द#राट से जानलेवा हमला
Himachal News:मंडी जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिला के जोगिंद्रनगर में आधी रात को घर के बाहर गाड़ी का हॉर्न बजाने और गाली-गलौज करने का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक 45 वर्षीय व्यक्ति पर तेजधार हथियार (दराट) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित का बायां हाथ बुरी तरह कट गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
खाना खाते समय घर के बाहर शुरू हुआ हुड़दंग
पुलिस चौकी बस्सी के तहत दर्ज मामले के अनुसार, पीड़ित हेमराज (45 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी गांव नेर घरवासड़ा (जोगिंद्रनगर) ने बस्सी पुलिस चौकी में आकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बीती आधी रात को जब वह अपने घर के अंदर खाना खा रहा था, तभी घर के बाहर तीन व्यक्ति—बलबीर, आर्यन और आदित्य आए। तीनों ने अचानक जोर-जोर से गाड़ी का हॉर्न बजाना और गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
दराट से किया ताबड़तोड़ वार, हाथ बुरी तरह कटा
घर के बाहर हो रहे भारी शोर-शराबे को सुनकर जब हेमराज बाहर आए और उन्होंने तीनों युवकों को हुड़दंग मचाने से रोकने की कोशिश की, तो आरोपी उलटा उनसे उलझ गए और हाथापाई पर उतर आए। इसी बीच, एक आरोपी ने क्रूरता दिखाते हुए हेमराज पर तेजधार हथियार ‘दराट’ से जानलेवा वार कर दिया। यह हमला इतना जोरदार था कि हेमराज का बायां हाथ बुरी तरह कट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़ित हेमराज का मेडिकल करवाने के साथ ही घटना की गहन जांच शुरू कर दी है।एसपी मंडी, विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना को लेकर हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं और उन्हें जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
लक्की शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

