- Advertisement

मंडी-पठानकोट फोरलेन पर बवाल: पुहाड़ा में खड्ड के नीचे मिला शव, भड़के ग्रामीणों ने की नारेबाजी
kangra News: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंडी-पठानकोट फोरलेन पर पुहाड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब खोली खड्ड पर बने पुल के नीचे एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान पवन कुमार (पुत्र नीचू राम), निवासी किला गांव (रेहलू) के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि पुल से करीब 80 फीट की ऊंचाई से नीचे खड्ड में गिरने के कारण व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आज सुबह जब स्थानीय लोगों ने खड्ड में शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
गलती से उतरे थे गलत स्टॉप पर, रात को हुई थी आखिरी बात
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पवन कुमार किसी काम के सिलसिले में चंबा गए हुए थे। वहां से वह चंबा-शिमला रूट की बस से वापस लौट रहे थे। उन्हें शाहपुर में उतरना था, लेकिन रात के अंधेरे में चूक होने के कारण वह गलती से शाहपुर से करीब दो किलोमीटर आगे पुहाड़ा में उतर गए। रात को पवन कुमार की अपने परिवार के सदस्यों से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह गलती से आगे आ गए हैं और अब पुहाड़ा से पैदल ही घर की तरफ आ रहे हैं। लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुबह उनका शव पुल के नीचे मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
साजिश का आरोप: भड़के ग्रामीणों ने फोरलेन पर किया चक्का जाम
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह महज एक दुर्घटना नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश (हत्या) हो सकती है।वारदात के विरोध में उग्र हुए लोगों ने फोरलेन पर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया और हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष व उचित उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मौके पर पहुंचे विधायक केवल सिंह पठानिया, फॉरेंसिक जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम को तुरंत मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जाएगी और सच को सामने लाया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

