- Advertisement

जवाली में कार्यस्थल पर व्यक्ति की बेरहमी से ह#त्या, का#तिल और हथियार दोनों गायब
Jawali Murder: हिमाचल प्रदेश के जवाली पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बेही पठियार के मंडोल गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहाँ वार्ड नंबर-5 के निवासी 45 वर्षीय सुभाष चंद्र (पुत्र दालती राम) की उनके ही कार्यस्थल पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक पेशे से लोहार का काम करता था। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में खौफ और दहशत का माहौल बना हुआ है।
न चश्मदीद, न हथियार; अंधा कत्ल बनी चुनौती
यह मर्डर मिस्ट्री पुलिस के लिए एक ऐसी अनसुलझी पहेली बन गई है, जिसका सिरा फिलहाल हाथ नहीं आ रहा है। कातिल ने इस वारदात को इतनी शातिरता से अंजाम दिया कि किसी को भनक तक नहीं लगी।हत्या की वारदात को अंजाम देते हुए किसी भी स्थानीय निवासी या चश्मदीद ने नहीं देखा।जिस तेजधार हथियार से सुभाष चंद्र पर वार किया गया, वह भी घटनास्थल या आसपास से बरामद नहीं हुआ है। हत्या किसने की और इसके पीछे की वजह क्या थी, यह अभी तक पूरी तरह से रहस्य बना हुआ है।
पत्नी के बयान पर केस दर्ज, फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सुभाष चंद्र की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम (FSL) को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा के अनुसार पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं (रंजिश, आपसी विवाद आदि) को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

