- Advertisement

धर्मशाला में सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौ#त, युवती की हालत नाजुक
Car Accident: धर्मशाला के नरघोटा क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित कार करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार युवती गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लड़की की बाजू काटनी पड़ी
मृतक की पहचान अक्षय कौरा (28 वर्ष), निवासी शिला चौक, धर्मशाला के रूप में हुई है। अक्षय युवाओं को स्टॉक मार्केट की कोचिंग देता था। अक्षय के साथ कार में सवार 28 वर्षीय युवती, जो मोहाली से गणित (Maths) में पीएचडी (PhD) कर रही हैं। हादसे में युवती के सिर और बाजू में बेहद गंभीर चोटें आई हैं। चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों को अस्पताल में उसकी एक बाजू काटनी पड़ी। धर्मशाला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज से प्राथमिक उपचार के बाद, देर रात युवती को नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
हादसे से ठीक पहले बना रहे थे वीडियो, डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों नरघोटा क्षेत्र में घूमने के लिए गए थे। एक स्थानीय महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले दोनों सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल से फोटो और वीडियो बना रहे थे। इसके कुछ ही देर बाद एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और कार अनियंत्रित होकर सीधे 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। खाई बेहद गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी आई। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला।
लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही पर भड़के लोग
इस दर्दनाक हादसे ने स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा पूरी तरह से सड़क की बदहाली के कारण हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसारपिछले साल मानसून के दौरान यहाँ लैंडस्लाइड (भूस्खलन) हुआ था, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी।लगभग एक साल बीत जाने के बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया गया।इतने खतरनाक पॉइंट पर न तो क्रैश बैरियर लगाए गए थे और न ही कोई साइन बोर्ड/चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है और वे लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग कर रहे हैं।
ASP वीर बहादुर के अनुसार यह घटना बुधवार देर शाम की है, जब नरघोटा के पास एक कार खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई और गाड़ी में सवार युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

