- Advertisement

नूरपुर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: पालमपुर की युवती च#रस के साथ गिरफ्तार, HRTC बस में ले जा रही थी खेप
Nurpur Police: नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत अपराध जांच शाखा (CIA-I) की टीम ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जसूर के बौड चौक के पास नाकेबंदी के दौरान एक एचआरटीसी (HRTC) बस में सवार 19 वर्षीय युवती से 1 किलोग्राम 6 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी युवती की पहचान पालमपुर की रहने वाली कुमारी गुनगुन के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवारको सीआईए नूरपुर की टीम गनोह, जसूर और नूरपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था, गश्त और मादक पदार्थों की चेकिंग हेतु तैनात थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि पालमपुर की रहने वाली एक युवती एचआरटीसी बस (संख्या HP 38 C 9974) में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए बौड चौक, जसूर के पास नाका लगा दिया।
बैग की तलाशी में खुली पोल
जैसे ही उक्त एचआरटीसी बस नाके पर पहुंची, पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। बस में सवार कुमारी गुनगुन (उम्र 19 वर्ष), पुत्री शशि कुमार, निवासी गांव खिल्डू (डाकघर बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा) के बैग की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। बैग से कुल 1 किलोग्राम 06 ग्राम चरस (सकल वजन) बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए चरस की खेप को जब्त कर सैंपल सील कर दिए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
नूरपुर पुलिस ने आरोपी युवती को तुरंत हिरासत में ले लिया। इस संदर्भ में थाना नूरपुर में मादक द्रव्य नियंत्रण अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एएसपी नूरपुर के अनुसार आरोपी युवती से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस पूरे ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है ताकि मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।
ऋषि महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

