-
Advertisement
लाहुल स्पीति के जहालमा नाले में बाढ़ से तबाही, 150 से ज्यादा लोग रेस्क्यू; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Himachal weather: हिमाचल प्रदेश में बर्फ पिघलने और मौसम के बदले मिजाज ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लाहुल-स्पीति व चंबा जिला और जम्मू को जोड़ने वाले मार्ग पर जहालमा नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण 150 से अधिक स्थानीय लोग और पर्यटक फंस गए। प्रशासन की मुस्तैदी से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन अब मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 6 दिनों के लिए प्रदेश में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी कर चिंता बढ़ा दी है।
जहालमा नाले में रेस्क्यू अभियान और वर्तमान स्थिति
बीते कल तापमान बढ़ने और बर्फ पिघलने के कारण जहालमा नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और बाढ़ जैसे हालात बन गए। पानी के तेज बहाव में सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह जाने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती शाम सभी फंसे हुए 150 से अधिक पर्यटकों और स्थानीय लोगों को होम स्टे, होटलों और स्थानीय निवासियों के घरों में सुरक्षित ठहराया। आज सुबह नाले पर एक अस्थाई पुल तैयार कर लोगों को पैदल उनके गंतव्य की ओर भेजा गया है। सड़क बह जाने के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों के वाहन अभी भी घटनास्थल पर ही फंसे हुए हैं। वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क बहाली का कार्य जारी है।
किसानों की बढ़ी परेशानी, लाखों का मटर फंसा
सड़क अवरुद्ध होने का सीधा असर किसानों की नकदी फसल पर पड़ा है। यातायात ठप होने से लाखों रुपए का मटर मार्ग में ही फंस गया है। फसल को खराब होने से बचाने के लिए अब लेबर के जरिए मटर की बोरियों को नाले के दूसरी ओर पहुंचाया जा रहा है, ताकि उन्हें समय पर मंडियों तक भेजा जा सके।
मौसम विभाग का अलर्ट, 6 दिन खराब रहेगा मौसम
IMD ने प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान लोगों को नदी-नालों, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से आग्रह किया गया है कि वे मौसम की स्थिति और अलर्ट को देखते हुए ही अपनी यात्रा का प्लान बनाएं और प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
संजू चौधरी

