- Advertisement

CCTV कैमरों ने खोला राज-शिमला में 50 लाख की चोरी करने वाली पटियाला की दो महिलाएं ऐसे चढ़ीं पुलिस के हत्थे
Himachal News: राजधानी शिमला में पुलिस ने आभूषण चोरी के एक बड़े मामले को सुलझाते हुए अहम कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शिमला के व्यस्त लोअर बाजार से लाखों रुपये के गहने चुराने के आरोप में दो शातिर महिलाओं को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत लाखों में आंकी गई है।
खरीदारी के दौरान उड़ाए थे गहने
एएसपी (ASP) शिमला मेहर पंवर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 25 जून को पवाओ निवासी खूब सिंह ठाकुर ने पुलिस थाना सदर (शिमला) में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह लोअर बाजार में खरीदारी कर रहे थे, तभी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके बैग से सोने और चांदी के कीमती आभूषण पार कर दिए।
CCTV और साइबर सेल से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी (SSP) शिमला के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को कब्जे में लिया।साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिससे आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान हुई। पुलिस ने गाड़ी की लोकेशन ट्रैक करने के लिए नारकंडा, लुहरी, कींगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर में लगे कैमरों की बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपियों की गाड़ी 28 जून को पंजाब में प्रवेश कर चुकी थी।
पटियाला में दबिश और 50 लाख की रिकवरी
लोकेशन कन्फर्म होने के बाद शिमला पुलिस की एक टीम तुरंत पंजाब के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम ने पंजाब के पटियाला में सटीक दबिश देकर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान चंद्रवती और रेखा (निवासी पटियाला, पंजाब) के रूप में हुई है।पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए करीब 40 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के आभूषण सफलतापूर्वक बरामद कर लिए हैं। बरामद किए गए इन गहनों की कुल बाजार कीमत 45 से 50 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
पुलिस रिमांड और आगे की जांच
पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर स्थानीय कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए 2 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि फिलहाल मामले की गहनता से जांच जारी है। रिमांड के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये महिलाएं हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों या बाहरी राज्यों में हुई चोरी की अन्य वारदातों में तो शामिल नहीं रही हैं। इस मामले में कोई बड़ा गैंग शामिल है या नहीं, इसका भी खुलासा होने की उम्मीद है।
संजू चौधरी

