- Advertisement

मंडी जिला परिषद में बीजेपी की बड़ी जीत, अमरू राम बने अध्यक्ष, बोदी देवी को मिली उपाध्यक्ष की कमान
Mandi Zila Parishad: मंडी जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा है। चुनाव प्रक्रिया में बीजेपी समर्थित खिलड़ा वार्ड के सदस्य अमरू राम को अध्यक्ष और थाची वार्ड की सदस्य बोदी देवी को उपाध्यक्ष चुना गया।
अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति
जिला परिषद हॉल में संपन्न हुई इस चुनाव प्रक्रिया में कुल 36 में से 32 सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 29 पार्षद बीजेपी समर्थित थे। इस बार जिला परिषद अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित था। इस वर्ग से बीजेपी समर्थित कुल पांच सदस्य चुनाव जीतकर आए थे, जिनमें खिलड़ा वार्ड से अमरू राम, नबाही से श्याम लाल, सदयाणा से परस राम, नौण से टिक्कम राम और रोड़ से शिवचंद शामिल थे। इनमें से अमरू राम, श्याम लाल और परस राम के नामों पर गंभीरता से विचार किया गया, लेकिन अंततः सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले खिलड़ा वार्ड के अमरू राम को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया।
उपाध्यक्ष की दौड़ में बोदी देवी ने मारी बाजी
उपाध्यक्ष पद के लिए सराज विधानसभा क्षेत्र के थाची वार्ड से जीतकर आईं बोदी देवी के नाम पर अंतिम मुहर लगी। गौरतलब है कि बोदी देवी ने अपने वार्ड से 11 हजार से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की थी, जिसका इनाम पार्टी ने उन्हें इस अहम पद की जिम्मेदारी सौंप कर दिया। हालांकि, उपाध्यक्ष पद की रेस में हेमलता का नाम भी प्रमुखता से चल रहा था, जिन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने बोदी देवी पर ही भरोसा जताया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बनी रणनीति
इस शानदार जीत की पटकथा एक दिन पहले ही लिख दी गई थी। बुधवार को मंडी के सर्किट हाउस में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में बीजेपी की एक अहम बैठक हुई थी, जिसमें सभी समीकरणों पर चर्चा की गई। गुरुवार को भी चुनाव प्रक्रिया में जाने से पहले सभी भाजपा सदस्य सर्किट हाउस में एकजुट हुए और वहां से एक साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे।
संजीव कुमार

