- Advertisement

मेक्सिको का ‘बैटमैन’ चोरों को पकड़कर खंभे से बांधा और छोड़ गया पोस्टर, लोग बोले- असली हीरो
Viral News: रीलों और फिल्मों के सुपरहीरो ‘बैटमैन’ को आपने पर्दे पर अपराधियों को सबक सिखाते हुए कई बार देखा होगा, लेकिन मेक्सिको के जलिस्को (Jalisco) राज्य में इन दिनों एक ‘असली बैटमैन’ की चर्चा जोरों पर है। यहाँ एक अज्ञात शख्स या ग्रुप कथित बाइक चोरों को पकड़कर उन्हें सरेआम बिजली के खंभों से बांध दे रहा है। सोशल मीडिया पर इस रहस्यमयी शख्स को ‘बैटमैन ऑफ लागोस दे मोरेनो’ (Batman of Lagos de Moreno) का नाम दिया गया है, जिसके कारनामों के वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।जानकारी के अनुसार, जलिस्को के लागोस दे मोरेनो इलाके में यह रहस्यमयी शख्स कथित चोरों को रंगे हाथों पकड़ता है, उन्हें बीच चौराहे या पब्लिक प्लेस पर ले जाकर खंभे से बांध देता है। सिर्फ इतना ही नहीं, वह चोरों के पास गत्ते (Cardboard) पर चेतावनी लिखा एक पोस्टर भी छोड़ जाता है, ताकि आने-जाने वाले लोगों को उनकी करतूत का पता चल सके।
🚨In Jalisco, Mexico, a local man has become a real-life vigilante known as “the Batman of Lagos de Moreno.”
Fed up with useless authorities, he started hunting down motorcycle thieves himself. In just ten days, he has already caught and duct-taped five suspects to poles and… pic.twitter.com/nSg7eTgpPA
— David J Harris Jr (@DavidJHarrisJr) June 24, 2026
पहला मामला सामने आया, जब एक शख्स बिजली के खंभे से बंधा मिला। उसके पास रखे गत्ते पर लिखा था कि वह मोटरसाइकिल चोरी करता है। 17 और 19 जून इसी तरह के दो और मामले सामने आए। रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक कम से कम 5 लोगों को इस तरह खंभे से बांधकर सजा दी जा चुकी है।
पुलिस का रुख: कानून हाथ में लेना सही नहीं
इस अनोखे मामले ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जलिस्को के अभियोजक (Prosecutor) साल्वाडोर गोंजालेज डी लॉस सैंटोस ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस के अनुसार जिन लोगों को खंभे से बांधा गया है, उन्हें फिलहाल ‘पीड़ित’ माना जा रहा है। पोस्टरों पर लिखे गए चोरी के आरोप सही हैं या नहीं, इसकी गहन जांच की जा रही है। बिना पुख्ता सबूत के किसी को अपराधी नहीं माना जा सकता और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस: ‘हीरो’ या ‘अपराधी’?
इस घटना की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूज़र्स दो गुटों में बंट गए हैं। कई यूजर्स इस रहस्यमयी शख्स को चोरों के खिलाफ तुरंत एक्शन लेने वाला ‘असली हीरो’ मान रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिसिया कार्रवाई में देरी के कारण ऐसे ‘विजिलेंटे’ (Vigilante) का सामने आना जरूरी हो गया है। दूसरी ओर, बुद्धिजीवियों और कई नागरिकों का मानना है कि यह एक बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है। अगर बिना कानूनी प्रक्रिया और सबूत के सड़क पर ही सजा दी जाने लगी, तो कल को कोई भी निजी दुश्मनी निकालने के लिए किसी निर्दोष को फंसा सकता है। फिलहाल मेक्सिको पुलिस इस रहस्यमयी ‘बैटमैन’ की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है, जबकि सोशल मीडिया पर उसकी चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

