- Advertisement

चंबा-भरमौर मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आई बस, ‘शिवा नुआला’ से लौट रहे एक श्रद्धालु की मौ#त, 4 घायल
Himachal Accident:हिमाचल प्रदेश के चंबा-भरमौर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गैहरा के समीप चलती एक निजी बस पर पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम पत्थर गिर गए। इस मलबे की चपेट में आने से बस में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
‘शिवा नुआला’ कार्यक्रम से लौट रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी बस में सवार सभी लोग शनिवार रात को भरमौर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक चौरासी मंदिर परिसर में आयोजित ‘शिवा नुआला’ (धार्मिक भजन-कीर्तन) कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात भर चले इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद रविवार सुबह सभी लोग बस में सवार होकर वापस अपने घरों की ओर लौट रहे थे। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही बस गैहरा के नजदीक पहुंची, तभी पहाड़ी से अचानक दरक कर बड़े-बड़े पत्थर सीधे बस पर आ गिरे। पत्थरों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक मदद के लिए आगे आए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं, जबकि अन्य चार घायलों को तुरंत बस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों तथा अन्य परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।एसपी चंबा विजय सकलानी के अनुसार गैहरा के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यह दुखद हादसा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य और जांच में जुटी है।
मनोज ठाकुर

