- Advertisement

भरमौर में दर्दनाक हादसा: पहाड़ी से गिरी चट्टान ने ली 14 वर्षीय दीक्षिता की जा#न, बन्नी माता मंदिर से लौट रहे थे दो परिवार
Chamba Accident: चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया है। ढकोग-बन्नी माता मंदिर सड़क पर औरा कैंची मोड़ के पास दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान आ गिरी। इस खौफनाक हादसे में कार की छत चीरकर अंदर घुसे पत्थर की चपेट में आने से 14 वर्षीय एक मासूम लड़की की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
धर्मशाला से दर्शन करने आया था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांगड़ा जिले के धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र से दो परिवार दो अलग-अलग वाहनों में बन्नी माता मंदिर में माथा टेकने के लिए भरमौर आए थे। सोमवार को मंदिर में दर्शन करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी औरा कैंची मोड़ के पास पहाड़ी से अचानक मौत बनकर एक विशालकाय चट्टान उनकी गाड़ी पर आ गिरी। पत्थर कार की छत को चीरते हुए सीधे अंदर जा घुसा, जिसकी चपेट में आने से 14 वर्षीय दीक्षिता की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार थे 5 लोग, अन्य को आई चोटें
हादसे के वक्त प्रभावित वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दीक्षिता की मौत के अलावा वाहन में सवार अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत (तुंदा) के प्रधान पुरुषोत्तम चंद तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुखद हादसा था और उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए अपनी निजी गाड़ी के माध्यम से प्रभावित परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित वापस भेजने की तुरंत व्यवस्था की।
पुलिस और प्रशासन मौके पर, जांच शुरू
थाना प्रभारी भरमौर, बाबूराम शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटना स्थल का दौरा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
राहुल कुमार

