-
Advertisement
भारी बारिश से बेहाल हिमाचल: शिमला में मलबे में दबी गाड़ियां, किन्नौर में वैली ब्रिज ढहा
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश तबाही मचा रही है। किन्नौर जिले में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद भूस्खलन की चपेट में आया वैली ब्रिज बीती रात पूरी तरह ढह गया। पुल का निचला हिस्सा खिसकने से यह हवा में लटक गया था और रात को भरभराकर गिर गया। इस हादसे के बाद सांगला घाटी का संपर्क देश-दुनिया से पूरी तरह कट गया है।
शिमला में लैंडस्लाइड, सैकड़ों सड़कें बंद
राजधानी शिमला के रझाना में भी बीती रात पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आने से दो गाड़ियां मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। पूरे प्रदेश में बारिश और लैंडस्लाइड के कारण यातायात और बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। राज्य में लगभग 320 सड़कें बंद हैं और 200 से ज्यादा बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं, जिससे कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ है।
अब कमजोर पड़ेगा मानसून, 6 जिलों में यलो अलर्ट
राहत की बात यह है कि पिछले दो दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, आज से अगले छह दिनों तक प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ नहीं है।हालांकि, प्रशासन ने अभी भी सतर्कता बरतने को कहा है क्योंकि 6 जिलों—कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। बाकी जिलों के लिए फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है।
अनु गुप्ता

