- Advertisement

शिमला लैंडस्लाइड: संजौली में 4 मकानों पर मंडराया ढहने का खतरा, रिझाना में गाड़ियां क्षतिग्रस्त
Shimla Landslide: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तबाही का दौर जारी है। शनिवार तड़के संजौली और रिझाना क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) से इलाके में दहशत का माहौल है। संजौली में जहां कई रिहायशी मकान ढहने की कगार पर हैं, वहीं रिझाना में गाड़ियां मलबे में दफन हो गई हैं।
संजौली में तड़के 4 बजे मची अफरा-तफरी, 4 मकानों पर खतरा
शनिवार तड़के करीब 4 बजे, जब लोग सो रहे थे, संजौली कॉलेज के समीप बोथवेल क्षेत्र में एक बड़ा डंगा ढह गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे बने रिहायशी मकानों की तरफ आ गिरा। इस भूस्खलन के कारण मकानों तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन से चार बहुमंजिला इमारतें अब सीधे खतरे की जद में आ गई हैं और यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
बरसात में भी यहां खुदाई का काम चालू
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन से चार भवन खतरे की जद में हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि साथ मे निर्माण कार्य के चलते लैंडस्लाइड हुआ है।इसको लेकर कई बार प्रशासन को शिकायत दी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई और बरसात में भी यहां खुदाई का काम चला हुआ है।जिससे घरों को खतरा हो गया है।गौरतलब है कि इसी जगह पर बीते साल 28 जून 2025 को भी एक भयानक भूस्खलन हुआ था, जब मलबा और चट्टानें घरों के भीतर घुस गई थीं और कई महिलाएं व बच्चे मलबे में फंस गए थे। एक बार फिर उसी जगह पर लैंडस्लाइड होने से स्थानीय निवासी बेहद डरे हुए हैं।
रिझाना में पहाड़ी से गिरे बोल्डर, मलबे में दबीं गाड़ियां
दूसरी तरफ, शिमला के ही रिझाना क्षेत्र में शनिवार को पहाड़ी दरकने की एक और बड़ी घटना सामने आई। भारी बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से विशालकाय चट्टानें, बोल्डर और भारी मलबा सड़क किनारे आ गिरा। इस लैंडस्लाइड की चपेट में आकर वहां खड़े दो वाहन मलबे में बुरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

