- Advertisement

पुराने परिचित के साथ रहने के लिए महिला ने रचा ‘सुसाइड’ का झूठा नाटक, 4 दिन नहर छानती रही पुलिस
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पांच बच्चों की मां (35 वर्षीय महिला) ने अपने एक पुराने परिचित के पास जाने के लिए अपनी ही आत्महत्या का झूठा नाटक रच डाला। पुलिस चार दिन तक नहर में महिला की लाश ढूंढती रही, लेकिन जब मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो महिला पंजाब के रोपड़ में अपने परिचित के साथ सकुशल जिंदा मिल गई।
मां को भेजा ऑडियो, नहर किनारे फेंके कपड़े
जानकारी के अनुसार, बद्दी के मलकूमाजरा की रहने वाली इस महिला ने अपनी मां के मोबाइल पर एक वॉयस संदेश (ऑडियो) भेजा। इसमें उसने कहा कि वह पंजाब के घनौली स्थित नहर में कूदकर अपनी जान दे रही है। अपनी इस झूठी कहानी को सच साबित करने के लिए महिला ने नहर के किनारे अपने कपड़े भी फेंक दिए, ताकि परिवार और पुलिस को लगे कि उसने सचमुच छलांग लगा दी है। मां की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
4 दिन की नाकाम तलाश के बाद ठनका पुलिस का माथा
पुलिस की टीमें और गोताखोर लगातार चार दिनों तक घनौली नहर में महिला की तलाश करते रहे, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच का सहारा लिया। जब महिला के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई और रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो इस पूरे नाटक से पर्दा उठ गया। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने महिला को पंजाब के रोपड़ से एक पुराने परिचित के घर से सकुशल बरामद कर लिया।
पति मायके छोड़ गया था, परिचित के फोन पर बनाई योजना
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला की शादी 12 साल पहले नालागढ़ के राजपुरा में हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। करीब एक सप्ताह पहले ही उसका पति उसे बद्दी स्थित मायके छोड़ कर गया था। इसी दौरान महिला के एक पुराने परिचित ने उससे फोन पर संपर्क किया और उसे पंजाब बुला लिया। घर से जाने के लिए कोई ठोस बहाना न होने के कारण महिला ने आत्महत्या का यह पूरा स्वांग रचा।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच के दम पर महिला को रोपड़ से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस अब महिला और उसके परिचित से पूछताछ कर मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
नरेंद्र ठाकुर

