- Advertisement

सिरमौर के पच्छाद में खाई में गिरी कार, एक शख्स की मौ#त, पत्नी और जीजा घायल
Sirmaur Accident: जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के तहत डिगरी सरजेट गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। बारिश के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और गाड़ी चालक जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार (नंबर HP52A 6482) में सवार लोग मढ़ीघाट से अपने गांव डिगरी सरजेट लौट रहे थे। सुबह करीब 6:00 बजे तेज बारिश के बीच फिसलने से कार असंतुलित होकर खाई में जा समाई। कार में कुल तीन लोग सवार थे।
108 एम्बुलेंस पर लगे लापरवाही के आरोप
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बार-बार 108 नंबर पर संपर्क किया, लेकिन एम्बुलेंस दुर्घटना स्थल पर नहीं पहुंची। आरोप है कि एम्बुलेंस चालक ने मौके पर आने से साफ इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि अगर घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो एक अनमोल जिंदगी बचाई जा सकती थी।एम्बुलेंस न मिलने पर ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को अपने निजी वाहनों से तुरंत सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है
हादसे में तपेंद्र सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह), निवासी डिगरी सरजेट, डाकघर मल्होटी (ग्राम पंचायत लाल टिक्कर), तहसील पच्छाद की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी प्रभा देवी व जीजा बलवंत सिंह निवासी मरयोग घायल है। बलवंत सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए रेफर कर दिया है।पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, एम्बुलेंस न पहुंचने के आरोपों को लेकर भी स्थानीय लोगों में शासन-प्रशासन के खिलाफ गहरा असंतोष है।
एचके पंडित
