-
Advertisement
HPBOSE ने ओपन स्कूल परीक्षाओं में ड्यूटी के लिए शिक्षकों से मांगे ऑनलाइन आवेदन,25 है लास्ट डेट
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने आगामी सितम्बर-अक्तूबर 2026 में होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय (State Open School) की परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। इन परीक्षाओं के पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अधीक्षक (Center Superintendent) और उप-अधीक्षकों (Deputy Superintendent) की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश के पात्र शिक्षकों से 14 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगा आवेदन
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनियुक्ति के इच्छुक और पात्र शिक्षक 14 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए इसे डिजिटल रखा गया है। शिक्षक हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर ‘Under School Login’ या ‘Under Online Services’ लिंक के माध्यम से अपना आवेदन कर सकते हैं। डॉ. शर्मा ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के दौरान केवल ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा। डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए फॉर्म सीधे तौर पर अस्वीकार कर दिए जाएंगे।
पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था है सर्वोच्च प्राथमिकता
परीक्षाओं की शुचिता और गुणवत्ता पर जोर देते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। चूंकि राज्य मुक्त विद्यालय के तहत विभिन्न वर्गों और आयु वर्ग के विद्यार्थी परीक्षा देते हैं, इसलिए परीक्षा केंद्रों पर अनुभवी और पात्र शिक्षकों की तैनाती बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने सभी पात्र शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और फॉर्म भरते समय अपने सभी आवश्यक विवरण बेहद सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
बोर्ड प्रशासन परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर रहा है, ताकि सितम्बर और अक्तूबर माह की परीक्षाओं में किसी भी तरह की प्रशासनिक या तकनीकी अड़चन न आए। डॉ. शर्मा ने आश्वस्त किया कि बोर्ड विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-आधारित परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे पूरी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
