-
Advertisement
सिरमौर में खूनी वारदात: पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर सब्जी विक्रेता की गला रेतकर बेरहमी से ह#त्या
Murder in Sirmaur: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नगर परिषद के विश्वकर्मा चौक स्थित नवनिर्मित पार्किंग स्थल पर अज्ञात बदमाशों ने एक सब्जी विक्रेता की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह जैसे ही खून से लथपथ शव देखा गया, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया।
शिलाई का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान भाव सिंह (पुत्र सही राम) के रूप में हुई है, जो गांव आवत कोटी उतरू, तहसील शिलाई के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, भाव सिंह शिलाई में ही सब्जी की दुकान चलाते थे। वे हर तीसरे दिन अपनी पिकअप गाड़ी से ताज़ा सब्जियां खरीदने के लिए पांवटा साहिब मंडी आते थे। बीते देर रात भी वे सब्जी लेने पांवटा पहुंचे थे, इसी दौरान नवनिर्मित पार्किंग स्थल पर अपराधियों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही उपमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) मानवेंद्र ठाकुर और थाना प्रभारी कुलवंत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सील कर शव को कब्जे में लिया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों का सुराग लगाने के लिए CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एसपी सिरमौर ने की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
एचके पंडित
