-
Advertisement
चंबा के चुराह में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला व्यक्ति का श#व, ह#त्या की आशंका; MLA हंसराज भी मौके पर
Himachal News: जिला चंबा के चुराह उपमंडल के अंतर्गत आती खुशनगरी पंचायत के जुकयानी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया और शव को कब्जे में लेकर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा शव, मौके पर जुटी भीड़
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जुकयानी क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को बेसुध पड़े देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को दी। घटना का पता चलते ही स्थानीय विधायक हंसराज भी तुरंत स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे।
मृतक की हुई पहचान, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
मृतक की पहचान नेगी राणा, निवासी गांव गुड़ेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक सबूतों को सुरक्षित करने के साथ-साथ पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मौत के कारणों से पर्दा उठ सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया है।
एसपी चंबा का बयान
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया, “खुशनगरी पंचायत के जुकयानी में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की निष्पक्ष व गहनता से जांच कर रही है।
रविंद्र चौधरी
