-
Advertisement
थमा नहीं सियासी संग्राम, हिमकेयर और महंगाई पर आमने-सामने आए पक्ष-विपक्ष- जमकर हुई नारेबाजी
Himachal Vidhansabha: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक पारा चढ़ा रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लिए दोनों दलों के नेता आमने-सामने आ गए और जमकर सियासी वार-पलटवार किया।
विपक्ष का हिमकेयर और सहारा योजना पर हमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बीजेपी के विधायकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। विपक्ष ने प्रदेश सरकार पर जनहित की स्वास्थ्य योजनाओं को ठप करने का आरोप लगाया।जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर और सहारा योजना को कमजोर या बंद करने से गरीब व जरूरतमंद लोगों से मुफ्त इलाज की सुविधा छिन गई है।उन्होंने जोर देकर कहा कि हिमकेयर योजना से प्रदेश के लाखों लोगों को राहत मिल रही थी, जिसे वर्तमान सरकार ने प्रभावित किया है। जयराम ठाकुर ने सत्ता पक्ष के प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार को अभी से विपक्ष में बैठने की आदत डाल लेनी चाहिए, क्योंकि जनता इन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
सत्ता पक्ष का महंगाई और बेरोजगारी पर पलटवार
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में सत्ता पक्ष (कांग्रेस) के विधायकों ने केंद्र सरकार और विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया। सत्ता पक्ष ने देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर बीजेपी को घेरा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष देश के असली और ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह का नाटक कर रहा है।डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ आगामी चुनाव लड़ेगी और बीजेपी को सत्ता में वापसी के सपने देखना छोड़ देना चाहिए। विधानसभा परिसर में दोनों पक्षों के बीच हुए इस जोरदार हंगामे से साफ है कि आने वाले दिनों में सत्र के दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच यह तल्खी और बढ़ सकती है।
संजू चौधरी
