-
Advertisement
राहुल गांधी पर FIR के खिलाफ सड़क पर उतरी हिमाचल कांग्रेस, CM सुक्खू बोले-बीजेपी ने शुरू किया तानाशाही का नया ट्रेंड
Himachal Congress Protest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी शिमला में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने DC आफिस के समीप एकत्रित होकर बीजेपीसरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी पर दर्ज मामले को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने इस पूरी कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और तानाशाही करार दिया है।
क्या है पूरा मामला- उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल पर आयोजित कथित ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान को लेकर राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और मामले में कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, उत्तराखंड पुलिस ने इस बयान पर आपत्ति जताने वाले राहुल गांधी पर ही मामला दर्ज कर लिया। इसी कार्रवाई के विरोध में हिमाचल कांग्रेस सड़कों पर उतरी।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का कड़ा हमला
प्रदर्शन के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र और उत्तराखंड सरकार पर तीखे प्रहार किए। तानाशाही का नया दौर: CM सुक्खू ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, लेकिन दोषियों पर शिकंजा कसने के बजाय सवाल उठाने वाले राहुल गांधी पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गई। यह निंदनीय है और भाजपा की तानाशाही की मंशा को दर्शाता है।
लोकप्रियता से बौखलाई बीजेपी
सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की विचारधारा सर्व समाज को जोड़ने वाली है। राहुल गांधी की देश भर में बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर बीजेपी सरकारें कानून और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही हैं। लोकतंत्र में विपक्ष और जनप्रतिनिधियों को सरकार व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है। कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए अंत तक संघर्ष करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक राजनीतिक विरोधियों को दबाने का यह सिलसिला बंद नहीं होता और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द नहीं की जाती, पार्टी का यह आंदोलन जारी रहेगा।
अनु गुप्ता
