-
Advertisement
CM सुक्खू का जयराम को जवाब:आपदा राहत से ओपीएस तक सरकार ने किए काम, हर मुद्दे पर रही बीजेपी विफल
CM Sukhvinder Singh Sukhu: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के सरकार बनाने के दावों पर कड़ा हमला बोला है। शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि जयराम ठाकुर दिन में ही सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश की जनता बीजेपी को वोट क्यों देगी, जबकि आपदा से लेकर जनहित के हर मुद्दे पर बीजेपी पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकारी कर्मचारियों को भी हमने राहत दी। पहली ही कैबिनेट में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की। 10,000 करोड़ रुपये का पेंशन एरियर छोड़कर वह चले गए, हमारी सरकार उसका भुगतान चरणबद्ध तरीके से कर रही है।
मुख्य बिंदुओं पर सुक्खू का हमला
कर्मचारी कल्याण व एरियर: सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ खड़ी है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का एरियर दिया जा चुका है और जल्द ही क्लास-1 व 2 के एरियर का भी भुगतान होगा। सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में आकर ओपीएस (OPS) बंद करना चाहती है।
आपदा में सहायता: कांग्रेस सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को 7 लाख रुपये तक की राहत राशि दी, जबकि संकट के समय भाजपा के लोग जनता के साथ खड़े नहीं हुए।
शिक्षा के स्तर में सुधार: पूर्व भाजपा सरकार के दौरान हिमाचल शिक्षा के मामले में 21वें स्थान पर खिसक गया था और पेपर लीक की घटनाएं हुईं। वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब 5वें स्थान पर आ गया है। सीबीएसई और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की नई व्यवस्था को कोई बदल नहीं पाएगा।
बीजेपी में गुटबाजी: बीजेपीकई गुटों में बंट चुकी है और जयराम ठाकुर को अपनों से ही लड़ना पड़ रहा है। बीजेपी के कई नेता वर्तमान सरकार के संपर्क में हैं।
परवाणू से नीचे बोल नहीं पाते बीजेपी विधायक
सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने स्थानीय नेताओं की स्थिति कमजोर है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सारे मुद्दे और “अटैची की राजनीति” फेल हो चुकी है। सुक्खू ने कहा कि वे दिल्ली में केंद्र सरकार से हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और प्रदेश की जनता तथा ईश्वर का आशीर्वाद उनके साथ है।
स्वाइन फ्लू और नए शहरों के विकास पर अहम फैसले
स्वाइन फ्लू के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ से मरीज की पुष्टि होने के बाद सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। प्रदेश में सक्षम विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद हैं।साथ ही, विधानसभा परिसर में हुई बैठक के बारे में जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि राज्य में ‘हिम चंडीगढ़’ के पहले चरण और सिरसा रिवर फ्रंट सहित तीन नए शहर विकसित किए जा रहे हैं। ये नए शहर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ राज्य का राजस्व बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे।
संजू चौधरी
