-
Advertisement
ऑक्सीजन खत्म होने से 2 घंटे तड़पी 90 वर्षीय वृद्धा, परिजनों ने नर्स पर लगाया बदसलूकी का आरोप
Himachal News:सिरमौर जिला से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाता एक मामला सामने आया है। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में स्वास्थ्य व्यवस्था और कर्मचारियों के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सांस लेने की समस्या के कारण अस्पताल के फीमेल वार्ड में भर्ती 90 वर्षीय मुंगा देवी (निवासी बाईला-गुजोन गांव, गिरिपार) को कथित तौर पर दो घंटे तक ऑक्सीजन के बिना तड़पना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म होने के बाद कई बार गुहार लगाने पर भी नया सिलिंडर नहीं लगाया गया और ड्यूटी नर्स ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
3 बजे खत्म हुआ सिलिंडर, 5 बजे तक सांसों का संकट
परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे वृद्धा का ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म हो गया था। इसके बाद उन्होंने ड्यूटी स्टाफ से सिलिंडर बदलने का आग्रह किया, लेकिन शाम 5 बजे तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इस दौरान बुजुर्ग महिला की हालत बिगड़ने लगी। कोड़गा पंचायत के उपप्रधान सियाराम शर्मा ने भी अस्पताल प्रशासन के सामने इस समस्या को उठाया, लेकिन तुरंत कोई समाधान नहीं निकला।
स्टाफ नर्स पर बदसलूकी और पुलिस बुलाने की धमकी का आरोप
तीमारदारों का आरोप है कि शाम 5 बजे जब उन्होंने दोबारा ऑक्सीजन लगाने की बात कही, तो ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने उनसे बदसलूकी की। आरोप है कि नर्स ने उन्हें वार्ड के दरवाजे से बाहर धक्का दे दिया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और पुलिस बुलाने की धमकी दी। परिजनों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड होने का भी दावा किया है।
CM हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत के बाद जागा प्रशासन
अस्पताल परिसर में सुनवाई न होने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत दर्ज होते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और तुरंत सिलिंडर बदलकर वृद्धा को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई गई। घटना को लेकर अन्य मरीजों और तीमारदारों में भी भारी नाराजगी है। परिजनों ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (SMO) को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषी स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) नाहन, डॉ. राकेश प्रताप ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है, तो मामले की जानकारी जुटाई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एचके पंडित
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group
