-
Advertisement
शादी का झांसा देकर युवती से दु#ष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात
Hamirpur News: जिला बिलासपुर की एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में हमीरपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान हमीरपुर के चबूतरा क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार देर रात दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्रेम संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी पीड़ित युवती की आरोपी युवक से मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इस दौरान आरोपी ने युवती को अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाकर शादी का झांसा दिया और उसे भरोसे में ले लिया।
होटल में बनाए शारीरिक संबंध, फिर बढ़ा विवाद
आरोप है कि युवक युवती को हमीरपुर क्षेत्र के एक होटल में ले गया, जहाँ उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती को पता चला कि युवक ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई अहम बातें उससे छिपाई थीं, तो दोनों के बीच विवाद और मतभेद गहरा गए। इसके बाद पीड़ित युवती ने न्याय की गुहार लगाते हुए बिलासपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
बिलासपुर से हमीरपुर ट्रांसफर हुआ मामला
चूंकि घटना से जुड़ा अपराध क्षेत्र हमीरपुर पुलिस थाना के अंतर्गत आता था, इसलिए बिलासपुर पुलिस ने जीरो एफआईआर/प्राथमिक जांच के आधार पर मामला आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए हमीरपुर स्थानांतरित कर दिया।मामला सामने आते ही हमीरपुर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बुधवार रात आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों व पहलुओं की गहनता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
सुभाष
