-
Advertisement
बीजेपी महिला मोर्चा की रोष रैली में पहुंचे कांग्रेसी, काले झंडे दिखाए- पुलिस ने संभाला मोर्चा
Himachal Politics: विधानसभा क्षेत्र जसवां-प्रागपुर के डाडासीबा में बीजेपी महिला मोर्चा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। चुनावी गारंटियों की अनदेखी और महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सम्मान राशि ना मिलने के विरोध में आयोजित इस रोष रैली में स्थानीय विधायक विक्रम ठाकुर भी विशेष रूप से शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे।
काले झंडे दिखाने पर बढ़ा तनाव, पुलिस ने कराया शांत
दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से स्थिति अचानक गरमा गई। दोनों ओर से जोरदार नारेबाजी और विरोध देखने को मिला। माहौल बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत स्थिति संभाली और दोनों पक्षों को अलग-अलग कर माहौल को पूरी तरह नियंत्रण में लिया।
राजनीतिक विरोध के नाम पर माहौल खराब ना करे कांग्रेस
घटनाक्रम पर विधायक विक्रम ठाकुर ने कहा, “हमने कभी कांग्रेस के नेताओं के कार्यक्रमों में काले झंडे दिखाकर विरोध नहीं किया। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर माहौल खराब नहीं होना चाहिए। यह एक नई और गलत परंपरा शुरू की जा रही है, जिस पर कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को विचार करना चाहिए।
1500 रुपये की गारंटी पर घेरा, तबादलों में भ्रष्टाचार के आरोप
विक्रम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी गई थी। यदि हिसाब लगाया जाए तो अब तक प्रति महिला करीब 69 हजार रुपये की राशि बनती है। सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि यह बकाया राशि महिलाओं को कब और किस रूप में दी जाएगी।हमले को तेज करते हुए उन्होंने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर पर सीधा निशाना साधा। साथ ही उन्होंने स्थानीय कांग्रेस नेताओं पर सरकारी कर्मचारियों के तबादलों को लेकर पैसे लेने के गंभीर आरोप भी लगाए।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
