-
Advertisement
पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा-यमुना पुल पर डंपर से टकराई कार, तीन युवकों की गई जा#न
Himachal Accident: सिरमौर जिले में हिमाचल-उत्तराखंड सीमा के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। पांवटा साहिब थाना क्षेत्र के तहत गोविंदघाट बैरियर स्थित यमुना पुल पर देर रात एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में कार में सवार तीन युवकों की जान चली गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार पांवटा साहिब की ओर से आ रही थी। यमुना पुल पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डंपर में पीछे से जा घुसी। भीषण हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक हिमाचल और 2 यूपी के युवक
कार हादसे में तरसेम सिंह (32) पुत्र अतर सिंह, निवासी शिलाई, जिला सिरमौर, अमित कुमार (37) पुत्र महाकर सिंह, निवासी शांति नगर, भोपा रोड, नई मंडी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) व सोनू पुत्र वेदपाल सिंह, निवासी नगला हुकम सिंह, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) की मौत हुई है।घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर सड़क हादसा हुआ है, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एचके पंडित
