-
Advertisement
मंडी में हरियाणा के दो गुट भिड़े: स्कॉर्पियो से आए नकाबपोशों ने युवक को पाइपों से पीटा, 7 आरोपी अरेस्ट
Himachal News: मंडी जिले के नगवाईं क्षेत्र में हरियाणा के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर खूनी झड़प का मामला सामने आया है। बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में आए नकाबपोश युवकों ने एक होटल के बाहर खड़े युवक पर लोहे की पाइपों से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में कुल तीन युवक घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहतक निवासी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
होटल के बाहर घेरा, सिर और हाथ पर गंभीर चोटें
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक (रवि) भी हरियाणा का ही निवासी है और मनाली घूमने जा रहा था। शनिवार देर रात वह नगवाईं में एक होटल के बाहर खड़ा था, तभी बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार 7 नकाबपोशों ने उसे घेर लिया और लोहे की पाइपों से हमला कर दिया। रवि को बचाने आए उसके दो अन्य साथियों को भी हमलावरों ने लात-घूसों और पाइप से पीटकर घायल कर दिया।हमले में रवि के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद नगवाईं से जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए थे।
औट पुलिस की त्वरित कार्रवाई, FIR दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही औट पुलिस थाना टीम हरकत में आई और तलाशी अभियान चलाकर सातों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इस संबंध में FIR नंबर 111/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 126(2), 115(2), 190 और 191(2) के तहत मामला पंजीकृत किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपी अनीत,प्रदीप,मंजीत,जगदीप,अंकित,मोनीत व अजय हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले हैं।
आज कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी पुलिस
पुलिस की टीम सोमवार को सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी। रिमांड अवधि के दौरान वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी, लोहे की पाइपें और अन्य साक्ष्य बरामद किए जाएंगे। साथ ही हमले की मुख्य वजह बनी पुरानी रंजिश के कारणों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। मंडी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संजीव
