-
Advertisement
शिमला में लोगों की सेहत से खिलवाड़: मिठाई में मिले कॉकरोच, विभाग ने जारी किए नोटिस
Himachal News:राजधानी शिमला में त्योहारी सीजन के बीच लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। खाद्य आपूर्ति एवं खाद्य सुरक्षा विभाग तथा नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की कड़ी जांच की। इस दौरान कई दुकानों में गंदगी और कॉकरोच मिलने के सनसनीखेज मामले सामने आए हैं।
छापेमारी के दौरान मिली भारी अनियमितताएं
त्योहारी सीजन के मद्देनजर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत जब टीम ने शहर की विभिन्न मिठाई की दुकानों की जांच की, तो कई जगहों पर मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खुले में रखे पाए गए। खुले में खाद्य सामग्री होने के कारण उनमें कीड़े-मकोड़े गिरने और उनके दूषित होने का खतरा मंडरा रहा था। इसके अलावा, कुछ प्रतिष्ठानों में कॉकरोच मिलने से खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने मौके पर ही कई क्विंटल दूषित मिठाइयों को नष्ट करवा दिया।
दुकानदारों को नोटिस और सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित दुकानदारों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए और नोटिस जारी किए। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर नियमों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता से नहीं होगा कोई समझौता: डॉ. विजया
खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने बताया कि त्योहारी सीजन में आम जनता को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निदेशालय के सख्त निर्देशों के तहत विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।इन अभियानों के तहत खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों और उनके निर्माण की प्रक्रिया की भी गहन जांच की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को बेचे जाने वाले खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप हों। विभाग लगातार दुकानदारों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के प्रति जागरूक करता रहता है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह निरीक्षण अभियान दिवाली तक लगातार जारी रहेगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
