-
Advertisement
दिवाली से पहले एपीएल परिवारों को राहत: डिपुओं में दो किलो बढ़ा आटे का कोटा, नवंबर में मिलेगा 14 किलो
Himachal News: दिवाली के त्योहारी सीजन से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से नवंबर महीने के लिए सस्ते राशन की इंटरनल टाइड ओवर एलोकेशन कर दी गई है, जिसके तहत प्रदेश के राशन डिपुओं के माध्यम से एपीएल (APL) परिवारों को मिलने वाले आटे की मात्रा में लगातार दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है।
नवंबर में मिलेगा एक किलो अतिरिक्त आटा
नवंबर महीने में उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले एक किलो अधिक आटा मिलेगा। अब एपीएल परिवारों को 168 रुपये की दर से प्रति राशन कार्ड 14 किलो आटा दिया जाएगा। इससे पहले अक्टूबर महीने में उपभोक्ताओं को 13 किलो आटा मिल रहा था, जबकि सितंबर में यह मात्रा 12 किलो थी। इस प्रकार, पिछले दो महीनों में आटे के कोटे में कुल दो किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, चावल के कोटे में कोई बदलाव नहीं किया गया है, और नवंबर में भी उपभोक्ताओं को पहले की तरह प्रति राशन कार्ड 5 किलो चावल ही मिलेगा।
पिछले तीन महीनों में एपीएल आटे के कोटे की स्थिति
सितंबर: 12 किलो प्रति राशन कार्ड
अक्टूबर: 13 किलो प्रति राशन कार्ड
नवंबर: 14 किलो प्रति राशन कार्ड (मूल्य: 168 रुपये)
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार, नवंबर महीने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कुल 16,685.13 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं और 8,480.864 मीट्रिक टन चावल की एलोकेशन की गई है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में कुल 19,58,895 राशनकार्ड धारक पंजीकृत हैं, जिन्हें विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है। डिपुओं में आटे का कोटा बढ़ने से त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता के रसोई के बजट पर पड़ने वाले बोझ में कुछ कमी आने की पूरी उम्मीद है।
संजू चौधरी
