-
Advertisement
कुल्लू में चरस के साथ पकड़े गए आरोपियों को भीड़ ने पुलिस हिरासत से कराया मुक्त,पंचायत प्रधान समेत कई पर मामला दर्ज
Himachal News: कुल्लू की लगवैली के जकरेहड़ क्षेत्र में चरस की खेप के साथ पकड़े गए दो आरोपियों को छुड़ाने के लिए लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और आरोपियों को अपने साथ भगा ले गए। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एसपी अभिषेक सेकर के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे पुलिस की डिटेक्शन सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि दो लोग पैदल कुल्लू की तरफ भारी मात्रा में चरस लेकर आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लगवैली के जकरेहड़ के पास नाकाबंदी व निगरानी बढ़ाई।पूर्वाहन करीब 11:30 बजे जब संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस को देखा, तो वे भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया और उनके पास मौजूद पीले रंग के कैरी बैग की तलाशी ली, जिसमें काले रंग का चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
भीड़ ने किया हमला और आरोपियों को छुड़ाया
पुलिस जब कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान क्षेत्र की एक पंचायत प्रधान, उनके पति और उपप्रधान मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद भीड़ को इकट्ठा करने के लिए फोन किया गया, जिसके कुछ ही देर में 30 से 40 लोग वहां आ धमके।भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम और स्वतंत्र गवाह के साथ हाथापाई और हमला कर दिया। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी, उनके पास मौजूद बैग और शेष चरस को जबरन अपने साथ छुड़ा कर ले गए। हालांकि, छीनाझपटी और हंगामे के दौरान कुछ चरस सड़क पर ही गिर गई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। तौलने पर यह बरामद शेष चरस 508 ग्राम पाई गई।
एनडीपीएस और बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज
पुलिस पर हमले और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने पंचायत प्रधान, उनके पति, उपप्रधान और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 और 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
तुलसी बाबा.
