-
Advertisement
शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा, CM ने एंटी-चिट्टा वाकाथॉन के जरिए नशे के खिलाफ फूंका बिगुल
CM Sukhwinder Singh Sukhu: कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में नशे के काले कारोबार के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एक एंटी-चिट्टा वाकाथॉन (Anti-Chitta Walkathon) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान सीएम सुक्खू ने शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने की घोषणा की।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े सीएम, युवाओं को बचाने का आह्वान
इस अवसर पर सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियानों की जानकारी दी और आमजन से इस सामाजिक बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए आगे आने का आह्वान किया। सीएम ने कहा कि चिट्टा न केवल एक व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर रहा है। यह युवाओं के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे खुद भी नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से भी युवाओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
तस्करों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
सीएम सुक्खू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा के अवैध कारोबार और इसके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार केवल कानून सख्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता के जरिए एक स्वस्थ वातावरण तैयार करने पर भी जोर दे रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियां दिखें, तो तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दें।
शाहपुर दशहरा उत्सव को मिला राज्य स्तरीय दर्जा
सीएम क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा और शाहपुर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी। शाहपुर के दशहरा मैदान में उपस्थित उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सीएम का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी दी।
राहुल कुमार
