-
Advertisement
दिवाली पर महंगाई की मार: हिमाचल में मिल्कफेड की मिठाइयां 15फीसदी तक महंगी, देखें नई रेट लिस्ट
Himachal News: दीपावली के त्योहार पर इस बार हिमाचल प्रदेश में मिल्कफेड (हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ) की मिठाइयां खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को जेब ढीली करनी पड़ेगी। मिल्कफेड ने इस वर्ष दिवाली के लिए मिठाइयों के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई दरों के तहत 400 ग्राम के पैक पर ₹10 और 800 ग्राम के पैक पर ₹25 तक का इजाफा किया गया है।मिल्कफेड के विपणन प्रबंधक डॉ. देवेंद्र ठाकुर ने मिठाइयों के दामों में की गई इस बढ़ोतरी की पुष्टि की है।
निजी फर्म की निगरानी में तैयार हो रहीं मिठाइयां
त्योहार के दौरान मिलावट रहित और शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए मिल्कफेड चंडीगढ़ की एक निजी फर्म से मिठाइयों का निर्माण करवा रहा है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो, इसके लिए मिल्कफेड की तीन विशेष टीमें उत्पादन प्रक्रिया का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। डॉ. संदीप ठाकुर ने बताया कि मिठाइयों को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला देसी घी स्वयं मिल्कफेड की ओर से मुहैया कराया गया है और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध मिठाई मिल सके।
नारियल बर्फी की सबसे ज्यादा मांग, 250 क्विंटल का लक्ष्य
त्योहारी सीजन में मांग को पूरा करने के लिए मिल्कफेड ने पहले चरण में करीब 250 क्विंटल मिठाइयां तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इसमें सबसे अधिक उत्पादन नारियल बर्फी (47.37 क्विंटल) का किया जा रहा है। मुख्य मिठाइयों में नारियल बर्फी: 47.37 क्विंटल, मिल्क केक: 21.74 क्विंटल, काजू बर्फी: 19.58 क्विंटल, पहाड़ी बर्फी: 19.55 क्विंटल, पंजीरी: 17.79 क्विंटल का का उत्पादन लक्ष्य है।
नई दरें और रेट लिस्ट
मिल्कफेड की मूल्य सूची के अनुसार, 400 ग्राम डोडा बर्फी, माह दाल पिन्नी, मिल्क केक, ब्राउन पेड़ा, सोन पापड़ी, नारियल बर्फी, भुना चना बर्फी, पहाड़ी बर्फी और चोको चिप बर्फी की कीमत 285 रुपये निर्धारित की गई है। पंजीरी की कीमत 300 रुपये और काजू बर्फी की 410 रुपये है। 800 ग्राम के पैक में इन मिठाइयों की कीमत क्रमशः 520 रुपये, पंजीरी की 595 रुपये और काजू बर्फी की 800 रुपये है। इसके अलावा 800 ग्राम के पैक में मोतीचूर के लड्डू की कीमत 375 रुपये और सेलिब्रेशन पैक की 600 रुपये है। एक किलोग्राम रसगुल्ले और गुलाब जामुन की कीमत 250-250 रुपये निर्धारित की गई है। गिफ्ट पैक-एक की कीमत 700 रुपये और गिफ्ट पैक-दो की 1100 रुपये है। शुगर फ्री श्रेणी में 400 ग्राम मिल्क केक, नारियल बर्फी और पहाड़ी बर्फी की कीमत 380-380 रुपये रखी गई है।उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए मिल्कफेड का कहना है कि त्योहार के दौरान प्रदेश भर में मिठाइयों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
