-
Advertisement
कांगड़ा में दर्दनाक हादसा:निजी बस की टक्कर से स्कूटी सवार की मौ#त, आक्रोशित भीड़ ने किया बवाल
kangra News: जिला कांगड़ा के गगल-मांझी पुल के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया, जिससे मंडी-पठानकोट हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इस अप्रत्याशित जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, यहां तक कि एक दंपती की फ्लाइट भी छूट गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय संदीप कुमार अपनी स्कूटी पर सवार होकर रछियालू की तरफ मुड़ने वाले थे। इसी दौरान पठानकोट की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि संदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई और उनके हेलमेट के भी टुकड़े-टुकड़े हो गए।
लोगों का फूटा गुस्सा और हाईवे पर जाम
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने बस को आग लगाने की धमकी दी और बस में तोड़फोड़ कर डाली। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और भीड़ को शांत कराया।हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने यातायात को डायवर्ट किया। पठानकोट से आने वाले वाहनों को सनौरा से बाया बद्दी ढुगयारी की तरफ भेजा गया, ताकि जाम को नियंत्रित किया जा सके।
परिवार की बड़ी मांग
मृतक संदीप कुमार के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मांग है कि संदीप के दो छोटे बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी प्रशासन उठाए। परिवार का कहना है कि जब तक बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और जीवनयापन के लिए प्रशासन लिखित रूप में ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक रोष शांत नहीं होगा।
यात्रियों पर भी पड़ा असर, केरल के दंपती की छूटी फ्लाइट
इस भीषण जाम का असर दूर-दूर तक देखने को मिला। केरल से यात्रा कर रहे एक दंपती की ट्रैफिक जाम के कारण फ्लाइट छूट गई। बताया जा रहा है कि दंपती ने समय पर गगल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए टैक्सी चालकों और रास्ते में मिले अन्य लोगों से काफी गुहार लगाई, ताकि उन्हें आगे निकलने का रास्ता मिल सके, लेकिन सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें होने के कारण वे समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंच पाए।
भारती पुन्नी
