-
Advertisement
शिमला के होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का श#व, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
Shimla News: शिमला के एक निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ननखड़ी के करांगला निवासी उमेश सिंगला के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) भेज दिया है।
उमेश के साथ एक युवती और तीन युवक भी थे
इस मामले में मृतक के मामा देवीलाल (निवासी मल्याणा) ने होटल प्रबंधन और युवक के साथ ठहरे अन्य लोगों पर गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। देवीलाल के अनुसार, होटल में उमेश के साथ एक युवती और तीन युवक भी ठहरे हुए थे। उनका दावा है कि उमेश की मौत रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच ही हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद होटल प्रबंधन और उसके साथियों ने समय रहते न तो पुलिस को सूचित किया और न ही परिजनों को कोई जानकारी दी। पुलिस को इस घटना की सूचना सुबह 6 बजे के बाद दी गई।
लॉगबुक में हेरफेर का संदेह, निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के मामा ने होटल संचालक पर घटना को छिपाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि होटल के रजिस्टर (लॉगबुक) में भी उमेश की एंट्री बाद में दर्ज की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और लापरवाही बरतने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। होटल में युवक के साथ ठहरे लोगों और होटल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
संजू चौधरी
