-
Advertisement
धर्मशाला में स्थापित होगी हाई कोर्ट की स्थायी पीठ, दूसरी महिला पुलिस बटालियन खुलेगी
Himachal Vidhansabha: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने निचले हिमाचल के लोगों और महिला सशक्तीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सीएम ने सदन में ऐलान किया कि धर्मशाला में हिमाचल हाई कोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में दूसरी महिला पुलिस बटालियन स्थापित करने और राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता जीतने वाली महिला बिगलर टीम को नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की।

निचले हिमाचल के लोगों को नहीं काटने पड़ेंगे शिमला के चक्कर
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सीएम सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा, चंबा, ऊना और हमीरपुर सहित निचले हिमाचल के लाखों लोगों की लंबे समय से हाई कोर्ट की स्थायी पीठ स्थापित करने की मांग रही है। धर्मशाला में यह पीठ खुलने से निचले जिलों के लोगों को अपने न्यायिक कार्यों के लिए बार-बार शिमला के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हाई कोर्ट की स्थायी पीठ के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाएगी। इस निर्णय से आम जनता के समय और धन दोनों की बचत होगी, साथ ही लंबित मामलों के निपटारे और न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।
दूसरी महिला पुलिस बटालियन से बेटियों को मिलेंगे रोजगार के अवसर
राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दूसरी महिला पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। सीएम सुक्खू ने कहा कि इस कदम से हिमाचल की बेटियों के लिए पुलिस विभाग में सेवाएं देने और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, जिससे राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।
राष्ट्रीय विजेता महिला बिगलर टीम को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार
सदन में सीएम ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली महिला पुलिस जवानों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय स्तर की बैंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हिमाचल की महिला बिगलर टीम की प्रत्येक सदस्य को 50-50 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर पूरे देश में देवभूमि का मान बढ़ाया है और राज्य सरकार हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन करती रहेगी।
रविंद्र चौधरी
