-
Advertisement
चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक ही गांव के दो युवकों की मौ#त, दो घायल
Chamba Accident: जिला चंबा के खैरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजणी गांव के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक और घायल सभी एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
नियंत्रण खोने से खाई में जा गिरी गाड़ी
एसपीविजय सकलानी से मिली जानकारी के अनुसार, यह पिकअप वाहन समलेऊ से राजणी गांव की ओर जा रहा था। गाड़ी राजणी गांव से करीब 250 मीटर आगे ही पहुंची थी कि अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते पिकअप सड़क से लुढ़कते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, अस्पताल पहुंचाए घायल
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उपचार के लिए सभी को एनएचपीसी अस्पताल, समलेऊ ले जाया गया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान और पुलिस कार्रवाई
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान पिकअप चालक सुनील कुमार (पुत्र उत्तम चंद) और करण कुमार (पुत्र कुंडू राम) के रूप में हुई है। दोनों युवक गांव बासा, डाकघर बग्गी, तहसील सलूणी के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे, जिसके बाद उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही खैरी पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, चालक सुनील कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रविंद्र चौधरी
